सड़क हादसे में राजमिस्त्री की मौत, दो गंभीर घायल
मोरना। बाइक के ट्रैक्टर ट्राले में टकराने से राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। राजमिस्त्री की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना ककरौली क्षेत्र के मोरना व जानसठ मार्ग पर बिजलीघर के पास रास्ते में खड़े ट्रैक्टर ट्राले में बाइक जा टकराई। टक्कर लगने से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को मोरना अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला निवासी राजा पुत्र मदन को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने राजेश पुत्र इमरतदास व राहुल पुत्र डा. सूरजपाल को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। राजमिस्त्री की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और कसबे में शोक की लहर दौड़ गई।