शहर के शिव चौक पर कोरोना संक्रमण से बेपरवाही करती भीड़।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
जिले में मिले 126 नए संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। जनपद में रविवार को मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या 126 रही। इनमें से सर्वाधिक 87 मरीज शहरी क्षेत्र में मिले। रविवार को 52 मरीज ठीक हुए, जिसके साथ ही जिले में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या अब 817 हो गई है। उधर, नाइट कर्फ्यू लगने के बावजूद संक्रमितों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य महकमे के साथ ही पुलिस प्रशासन में खलबली मची हुई है।
सीएमओ डॉ. महेंद्र सिंह फौजदार ने बताया कि रविवार को जिले में नए 126 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इनमें 30 आरटीपीसीआर और 87 एंटीजन जांच के दौरान मिले। आठ संक्रमित प्राइवेट लैब से और एक संक्रमित अन्य जिले से सामने आया। सीएमओ ने बताया कि रविवार को मिले संक्रमित मरीजों में सबसे अधिक 87 मरीज शहरी क्षेत्र से हैं। इनमें भी सर्वाधिक 13 मरीज नई मंडी व पटेलनगर क्षेत्र, सात मरीज साउथ सिविल लाइन, पांच मरीज भरतिया कॉलोनी व आदर्श कॉलोनी और चार-चार मरीज मोहल्ला रामपुरी, गांधी कॉलोनी व प्रेमपुरी में मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि रविवार को ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 52 रही है, जिसके बाद जनपद में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 817 पहुंच गया है। सीएमओ ने कहा कि कोरोना से बचने के लिए लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से लोगों को बचना चाहिए। मास्क का प्रयोग भी लोगों को जरूर करना चाहिए। कोविड नियमों का पालन करके ही लोग कोरोना की चपेट में आने से बच सकते हैं।