1232 परीक्षार्थियों ने छोड़ी टीईटी
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता (यूपी टीईटी) की परीक्षा बुधवार को शहर में 14 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। दोनों पालियों में 16 हजार में से 1232 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दिया। परीक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रिमझिम बारिश के बावजूद परीक्षार्थियों ने उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लिया।
बुधवार को टीईटी दो पाली में हुई। पहली पाली में प्राथमिक स्तर के लिए 9552 को परीक्षा देनी थी, जिसमें 8790 शामिल हुए, 762 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 6456 अभ्यर्थी को बैठना था, जिसमें 5986 ने भाग लिया। 470 गैरहाजिर रहे। टीईटी को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर 12.30 बजे तक हुई। प्राथमिक स्तर के 9552 अभ्यर्थियों में से 8790 ने भाग लिया। 762 अनुपस्थित रहे। यह परीक्षा शहर के 14 विद्यालयों में हुई। इनमें डीएवी इंटर कॉलेज के दोनो ब्लाकों में, एसडी इंटर, इस्लामिया, जीआईसी, चैंबर इंटर कॉलेज, छोटूराम, जैन कन्या मंडी, जैन इंटर कॉलेज, डीएवी पीजी, एसडी पीजी, वैदिक पुत्री, नगर पालिका इंटर, एसडी इंटर कॉलेज शामिल रहे।
टीईटी उच्च प्राथमिक स्तर में 6456 परीक्षार्थियों को भाग लेना था, जिसमें 5986 ने परीक्षा दी। 470 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। यह परीक्षा शहर के नौ कॉलेजों में ढाई बजे से पांच बजे तक हुई। इनमें डीएवी इंटर के दोनों ब्लाक, डीएवी डिग्री, एसडी डिग्री, राजकीय इंटर कॉलेज, एसडी इंटर, जैन इंटर, दीपचंद्र ग्रेन चैंबर, इस्लामिया शामिल रहे। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा को लेकर प्रशासन की पूरी तैयारी थी। कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा शातिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
चाक चौबंद रहा प्रबंध
मुजफ्फरनगर। टीईटी के दौरान शहर में चौकसी के साथ ही परीक्षा केंद्रों पर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। एक एएसपी के साथ ही दो सीओ, तीन थाना प्रभारी, 24 दरोगा, 65 कांस्टेबल और छह ट्रैफिक पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई।
यातायात व्यवस्था चरमराई
मुजफ्फरनगर। परीक्षा के कारण शहर के विभिन्न स्थानों पर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के साथ आने से काफी भीड़ उमड़ पड़ी। नतीजतन यातायात व्यवस्था चरमरा गई। दोपहर के समय जाम लग गया। वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। शहर में चाय, पकोड़ों की दुकान के साथ भोजनालयों पर भी काफी भीड़ रही। रेस्टारेंट भरे दिखाई दिए। इस दौरान कई स्थानों पर लोगों के बीच आपाधापी मची रही।
पांच सदल दल रहे भ्रमण पर
मुजफ्फरनगर। परीक्षा के दौरान गठित किए पांच सचल दल लगातार भ्रमण पर रहे। डीआईओएस गजेंद्र कुमार, बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी, डायट प्रवक्ता अल्ताफ हुसैन, प्रधानाचार्य रणवीर सिंह और जीआईसी के प्रवक्ता नितिन कुमार के नेतृत्व में पांचों सचल दलों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
30 परीक्षार्थी मार्कशीट लेकर नहीं आए
मुजफ्फरनगर। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि जो भी परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे, वो परीक्षा देने आए ही नहीं। केवल 30 परीक्षार्थी ऐसे रहे जो मार्कशीट लेकर नहीं आए थे, जिस कारण उन्हें परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया।