नशेड़ी युवकों ने दरोगा से की बदसलूकी
मुजफ्फरनगर। रोडवेज बस स्टैंड पर शराब के नशे में उत्पात मचा रहे दो युवकों ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर दरोगा से बदसलूकी कर दी। समझाने पर आरोपियों ने दरोगा से हाथापाई कर जैकेट भी फाड़ डाली। बाद में गुस्साए पुलिसकर्मियों ने दोनों की जमकर धुनाई कर रिपोर्ट दर्ज करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर शुक्रवार देर रात दो युवक शराब के नशे में उत्पात मचा रहे थे। सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को थाने ले गई, जो वहां भी हंगामा व गालीगलौज करने लगे। उस समय थाने में मौजूद एसआई राधेश्याम यादव ने दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया तो युवकों ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए हाथापाई कर दी। इसमें दरोगा की जैकेट भी फट गई। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों को नशे में होने के चलते समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवकों का हंगामा जारी रहा। आखिरकार गुस्साए पुलिसकर्मियों ने थाने में ही दोनों युवकों की जमकर धुनाई कर डाली। पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में हंगामा करते पकड़े गए दोनों आरोपी मंसूरपुर निवासी रोहित व सुमित हैं, जिनके खिलाफ दरोगा की तहरीर पर मारपीट, बदसलूकी, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। शनिवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।