दिव्यांगों ने मांगी सहूलियतें
मुजफ्फरनगर। दिव्यांग अधिकार सम्मेलन में दिव्यांजनों ने सहूलियतों की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांगों को आगे बढ़ने के लिए चलाई जा रही योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
रविवार को जीआईसी मैदान में दिव्यांग जन कल्याण समिति के तत्वावधान में सम्मेलन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांगों के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं का सही से क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। वास्तविक पात्रों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने दिव्यांगों को रोजगार से जोड़ने तथा उनकी शिक्षा के बेहतर व्यवस्था करने की मांग की। दिव्यांगों की भर्ती दिव्यांग आयोग के माध्यम से बैकलॉग रिक्तियों को निर्धारित कर करने, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में डा. शकुंतला मिश्रा दिव्यांग विश्वविद्यालय की द्वितीय कैंपस का निर्माण करने, दिव्यांग छात्रों को शतप्रतिशत छात्रवृत्ति अथवा बेरोजगारों को योग्यता के अनुसार बेरोजगारी भत्ता देने की मांग की गई। सम्मेलन में समिति के अध्यक्ष सलीम मलिक, सचिव आफताब, उपाध्यक्ष सुंदरलाल, मुजफ्फरनगर अध्यक्ष मिंटू कुमार, राकेश कुमार, नीटू कुमार, संगीता, आशीष सैनी आदि ने विचार रखे।