छात्रा के नृत्य पर थिरके कदम
मुजफ्फरनगर। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में वसंतोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से पतंग उड़ाने में चाइनीज मांझे का इस्तेमाल नहीं करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या हरजिंदर कौर ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया। कक्षा चार की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। छात्रा वेदप्रभा ने सुंदर नृत्य किया। अध्यापक तथा छात्रों ने पीली वेशभूषा पहनकर वसंत का स्वागत किया। प्रधानाचार्या ने कहा कि पतंग उड़ाने में चायनीज मांझे का इस्तेमाल न करें। इसमें उलझकर पक्षी घायल हो जाते हैं तथा जनहानि भी हो सकती है।
पीले वस्त्र पहनकर किया वसंत का स्वागत
भोपा। क्षेत्र में वसंत पंचमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। स्वामी कल्याण देव बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्या राजेश शिवाच, जनता इंटर के प्रधानाचार्य प्रह्लाद सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य हरपाल सिंह पंवार, एसएमपी स्कूल के देवेंद्र राठी, सेंट जेवियर्स ग्लोबल स्कूल रहकड़ा की प्रधानाचार्या मोनिका चौधरी ने वसंत पंचमी हर्षोल्लास से मनाई। उन्होंने कहा कि यह पर्व शिक्षक-शिक्षिकाओं व छात्र-छात्राओं के लिए भी महत्वपूर्ण माना गया है। संगीत प्रेमी भी इस दिन स्वरों व संगीत को सजाने की कामना शारदा मां से करते हैं। बसंत पंचमी के दिन पतंग उड़ाने की भी मान्यता के चलते बच्चों व बड़ों ने जमकर पतंगबाजी की।