ताजपुर में लिंटर के नीचे दबने से ठेेकेदार की मौत
खतौली। गांव ताजपुर में मकान के लिंटर के नीचे दबने से ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई। ठेकेदार की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
मोहल्ला इस्लामनगर निवासी गुफरान (23) पुत्र नसीम लिंटर उठाने का काम करता है। शुक्रवार को गांव ताजपुर में रविंद्र पुत्र श्याम सिंह के मकान का लिंटर उठाने के लिए ठेकेदार गुफरान अपने साथ 6-7 मजदूरों को लेकर लगा हुआ था। ठेकेदार व मजदूर जैक से लिंटर उठा रहे थे। ठेकेदार दरवाजा का बीम जैक से उठा रहा था। अचानक जैक फिसल गया। जिस कारण बीम का लिंटर नीचे गिर गया। लिंटर के नीचे ठेकेदार गुफरान दब गया। इस दौरान काम करने वाले मजदूर भी लिंटर की चपेट में आने से बाल बाल गए। ग्रामीणों और मजदूरों ने मिलकर गुफरान को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन गुफरान की मौत हो चुकी थी। गुफरान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ घर पर ले गए।