बघरा में बाईपास निकाले जाने का विरोध
तितावी (मुजफ्फरनगर)। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के तहत बघरा में प्रस्तावित बाईपास का किसानों ने विरोध किया है। बघरा ब्लॉक के किसानों ने भाकियू के बैनर तले शुक्रवार को परियोजना निदेशक के सामने प्रदर्शन भी किया।
पानीपत-खटीमा राजमार्ग का जल्द ही चौड़ीकरण किया जाना है, जिसके तहत बघरा में बाईपास का निर्माण प्रस्तावित है। शुक्रवार को इसी मामले में राजमार्ग निर्माण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर संजय कुमार मिश्रा बघरा पहुंचे, जहां भाकियू मंडलाध्यक्ष धीरज लाटियान के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन कर बाईपास चिह्नीकरण का विरोध जताया। आरोप लगाया कि बाईपास निर्माण से कस्बे का व्यापार ठप हो जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो जाएगा और दुकानदारों के साथ ही मजदूर व कर्मचारी भी भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएंगे। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने किसानों को आश्वासन दिया कि वे रोड का निरीक्षण करा लेंगे, यदि चौड़ीकरण के मानक पूरे जाते हैं तो फिर बाईपास नहीं निकला जाएगा। इस दौरान भाकियू नेताओं ने बाईपास निकाले जाने पर आंदोलन किए जाने की चेतावनी देते हुए कहा कि इस संबंध में आगामी बघरा स्थित डाक बंगले पर पंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आगामी रणनीति बनाई जाएगी। गौरतलब है कि पानीपत-खटीमा राजमार्ग का जल्द ही चौड़ीकरण होना है, जिसके लिए सड़क के दोनों ओर स्थित दुकानों व भवनों का चिह्नीकरण भी शुरू कर दिया गया है। इस दौरान फिरोज जमाल, भगत सिंह, प्रवीण सैनी, अनीस प्रधान, फुुरकान कुरैशी, शमशाद, राहुल, इमरान व विकास आदि मौजूद रहे।