मुजफ्फरनगर। जिले के हर गांव और घर में बिजली का कनेक्शन देने के लिए विभाग ने प्रक्रिया को सरल कर दिया है। अब एक आईडी और दो फोटो किसी भी अधिकारी के दफ्तर में सीधे जमा कराने पर कनेक्शन मिल जाएगा। प्रक्रिया विभाग ने अपने आप पूरी करेगा।
अधीक्षण अभियंता एके आत्रेय ने बताया कि विद्युत निगम के समस्त अधिकारी अब अपने कार्यालयों में लाभार्थी से दो फोटो और एक आईडी सीधे ले सकते हैं। अधिकारी की यह जिम्मेदारी होगी कि वह इसी आधार पर सीधे कनेक्शन करा दे। कागजों की खानापूर्ति संबंधित जेई आदि पूरी करेंगे। जेई को सीधे, एसडीओ को, एक्सईएन को और उन्हें सीधे भी कनेक्शन के लिए एक आईडी और दो फोटो दिए जा सकते हैं। प्रदेश सरकार का यह लक्ष्य है कि जनपद में एक भी व्यक्ति बिना बिजली के कनेक्शन के न रहे। वहीं, अधिशासी अभियंता ग्रामीण सोमदत्त शर्मा ने बताया कि उपभोक्ता अपने बिजली के बिल अपने गांव में ही लोकवाणी केंद्र पर जमा करा सकते हैं। इससे उपभोक्ता को भी लाभ होगा और लोकवाणी केंद्र संचालक को भी लाभ होगा। बिजली का बिल जमा करने पर सरकार ने अब लोकवाणी केंद्र संचालक का कमीशन बढ़ा दिया है।