मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस की 72वीं वर्षगांठ पर मेरठ रोड पर क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया। क्रमश: पांच, तीन व दो किमी की अलग-अलग वर्ग की रेस में राहुल, तुषार व सुगंधा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। आरटीओ ऑफिस से शुरू हुई रेस वहलना चौक से वापस आरटीओ ऑफिस पर पहुंचकर संपन्न हुई।
सुबह सात बजे शुरू हुई क्रॉस कंट्री रेस का शुभारंभ जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष कुशलपाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रेस में कुल 156 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इनमें सीनियर ओपन वर्ग में राहुल शर्मा प्रथम, गौरव द्वितीय व बिट्टू पुंडीर तृतीय स्थान पर रहे। तेज प्रताप व देवांश सैनी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। जूनियर बालक वर्ग में तुषार तोमर ने प्रथम, यश रोहल ने द्वितीय व सुहेल ने तृतीय स्थान हासिल किया। नकुल व गोविंद को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। वहीं, बालिका वर्ग में सुगंधा कश्यप प्रथम, खुशबू द्वितीय व सलोनी तृतीय स्थान पर रही। दिव्या मंचल व शताक्षी तोमर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी विजेताओं को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार, मनोज पुंडीर, रोशन सिंह, डॉ. सुरेश खुराना, उदयवीर सिंह व संजीव बालियान ने पुरस्कृत किया। निर्णायक मंडल में हरफूल सिंह, रंजीव केसरी, मनीष शर्मा, मुकेश कुमार, रामकुमार, जितेंद्र सिंह, सुनीता, ममता, अभिलाषा व प्रीति शामिल रहीं।