तेज हवा व बारिश में पेड़ टूटकर नीचे गिरे
रतनपुरी। बुधवार की सुबह चार बजे तेज हवा के साथ हुई बारिश में कई जगह पेड़ टूट कर सड़क पर गिर गए। गन्ने की फसल भी तेज हवा के कारण लोटपोट हो गई, जिससे किसानों को काफी नुकसान हुआ। तेज हवा के साथ बारिश से खतौली व बुढ़ाना मार्ग पर कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। बाद में पुलिस ने पेड़ों को काटकर सड़क से अलग हटा कर यातायात को सुचारु कराया। पेड़ों के टूटकर गिरने से विद्युत लाइन भी उनकी चपेट में आ गई, जिससे विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई। गांव सिकंदरपुर बिजलीघर से पहुंचे लाइनमैनों ने खंभों और तारों को ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराई।
पशु चिकित्सालय का भवन पूरी तरह से जर्जर
जानसठ। पशु चिकित्सालय का भवन जर्जर हालत में है। भवन को लोक निर्माण विभाग द्वारा जर्जर होना बताया गया है। भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर स्थित पशु चिकित्सालय बना हुआ है। भवन की बिल्डिंग पूरी तरह से जर्जर हालत में है। आए दिन छत से मलबा गिरता रहता है। हालात यह है कि किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। पिछले दिनों लगातार तीन दिन बारिश होने से चिकित्सालय की बिल्डिंग में डॉक्टर बैठने से डर रहे थे। चिकित्सालय पर तैनात पशु चिकित्सक देवेंद्र ने बताया कि भवन को लोक निर्माण विभाग ने जर्जर बताया है, जो कि कभी भी नीचे गिर सकता है। डॉक्टर का कहना है कि भवन निर्माण का प्रस्ताव एक वर्ष पूर्व भेजा जा चुका है। मगर अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। इस अस्पताल में मीरापुर, हाशमपुर, रामराज के पशु पालक अपने पशुओं का इलाज कराने के लिए आते हैं।