मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय में भ्रष्टाचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जन औषधि केंद्र का शुभारंभ करने आये सांसद डॉ संजीव बालियान के सामने मरीजों ने अस्पताल में रिश्वत लेने की शिकायत की। एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी मां के ऑपरेशन के साढे़ चार हजार रुपये लिए गए। सांसद ने लिखित में शिकायत करने के लिए कहा।
जिला चिकित्सालय में सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा और सीएमएस डॉ. पंकज अग्रवाल के चेहरे की हवाइयां उस समय उड़ गई, जब अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर हो रही उगाही को इन्हीं लोगों के सामने कुछ लोगों ने रखा। एक शिकायतकर्ता ने सांसद को बताया कि उसकी मां यहां भर्ती है। मां के ऑपरेशन के लिए एक कर्मचारी ने साढे़ चार हजार रुपये लिए हैं। कहा था कि डाक्टर बिना पैसे लिए ऑपरेशन नहीं करेगा। डॉ. बालियान ने चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि वह अपनी कार्य शैली में सुधार लाएं। मरीजों और उनके परिजनों की लगातार शिकायत मिल रही है। महिला चिकित्सालय में डिलीवरी तक में पैसे लिए जाते हैं। शिकायत कर्ता से सांसद ने लिखित में शिकायत देने और सीएमओ एवं सीएमएस से आरोपी कर्मचारी पर कार्रवाई करने के लिए कहा।