रोहाना। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर फोरलेन सड़क पर बनाए गए टोल प्लाजा पर टैक्स से बचने के सैकड़ों वाहनों का आवागमन रोहाना गांव से हो रहा है। जिस सकारण सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। गांव के बीच से रात और दिन लगातार वाहनों का आवागमन हो रहा है, ऐसे में यहां कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
राज्य राज मार्ग प्राधिकरण और देवबंद स्टेट हाईवे अथॉरिटी द्वारा स्वामी कल्याणदेव आयुर्वेद रामपुर तिराहे से गागलहेड़ी के तिराहे तक करीब 52 किमी फोरलेन सड़क का निर्माण कर रोहाना में टोल प्लाजा बनाया गया। जिस पर शासनादेश के बाद कंपनी ने आगामी 23 वर्षों तक वाहनों से टैक्स वसूलेगी। टोल टैक्स से बचने के लिये वाहन चालक रोहाना मिल से रोहाना कला गांव से होकर टोल के निकट हाईवे सड़क पर निकल जाते हैं, इस सड़क की दूरी करीब तीन किमी है। जिस पर प्राइमरी पाठशाला, जूनियर स्कूल, हिमालय पब्लिक स्कूल, राधिका पैलेस, रेडरोज स्कूल भी हैं। इस सड़क से स्कूली बसों के साथ रोडवेज, प्राइवेट बस, ट्रकों के साथ छोटी भाड़े की गाड़ियों का आवागमन हो रहा है।
दिन प्रतिदिन वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण नहर की कोठी का पुल और गुलपी वाला पुल कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकता है, जिससे खतरे की आशंका है। प्रधान भूरा रोहाना, किसान पंकज भगत, भाकियू नेता संजीव भारद्वाज, बबलू प्रधान, राजबीर सैनी, मनोज त्यागी, श्रवण त्यागी, राजपाल ,जनार्धन, पूर्व प्रधान नफीस का कहना है की बड़े कमर्शियल वाहनों के आवागमन से दुर्घटना की आशंका रहती है। इन वाहनों के आवागमन से पहली ही भारी बारिश के होते ही सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रथम को पत्र भेज कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। रोहाना कला रोहाना खुर्द के ग्रामीणों की मांग है की मिल के पुल बनने से पहले पेट्रोल पंप से बिजलीघर तक सर्विस लेन को पक्का बनाने के लिए निर्माण कार्य शुरू हो। आगामी दिनों कांवड़ यात्रा में इस सड़क से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली के कांवड़ियों के भारी संख्या में हरिद्वार के लिए जाएंगे।