मेरठ-करनाल हाइवे पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो ग्रामीण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर अवस्था में पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती करवाया। जहां एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया है।
गांव फुगाना निवासी प्रदीप (35) अपने ही परिवार के देवेंद्र (48) केे साथ शुक्रवार को बाइक से बुढ़ाना जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे मेरठ-करनाल हाइवे पर हबीबपुर गांव के गेट के पास शामली से मेरठ जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर अवस्था में घायल देवेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।