रजवाहे की सफाई नहीं होने से रोष
भोपा (मुजफ्फरनगर)। रजवाहे की समय पर सफाई नहीं होने से किसानों में रोष है। किसानों ने इसकी शिकायत सिंचाई विभाग से की है। अधिकारियों ने किसानों को समस्या के समाधान का भरोसा दिया है।भोपा स्थित रजवाहा घास-फूस और कबाड़ से अटा पड़ा है। इसके साथ ही रजवाहे में पानी भी नहीं आ रहा है। किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। इसकी शिकायत क्षेत्रीय अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है। भोपा निवासी किसान पारुल पुत्र राजेन्दद्र शर्मा ने इसकी शिकायत सिचाई विभाग के अफसरों से की है। खंड गंगनहर के अवर अभियंता अशरफ अली ने बताया कि भोपा रजवाहे की सफाई कार्य का बजट बनाकर भेज दिया गया है। जल्द ही सफाई कार्य कराया जाएगा।
कार में वाहन ने टक्कर मारी, दूधिया घायल
भोपा (मुजफ्फरनगर)। दूधिया की कार में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें कार चालक दूधिया गंभीर रूप से घायल हो गया। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर निवासी अंकुश दूध का कार्य करता है। ब्रहस्पतिवार सुबह-सवेरे अपनी कार में सवार होकर किसी कार्य से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह यसुफपुर चौराहे के पास पहुंचा, सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी कार में टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित चालक मौके से फरार हो गया। घायल अंकुश दूधिया को राहगीरों ने एंबुलेंस से मोरना प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती कराया।
पुलिसकर्मियों को दिए प्रशस्ति पत्र
भोपा (मुजफ्फरनगर)। शुक्रताल में लगे कार्तिक गंगा स्नान मेला सकुशल संपन्न होने पर एसएसपी ने सीओ भोपा, मेला प्रभारी, थाना प्रभारी भोपा और शुक्रताल चौकी प्रभारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
भोपा थाना प्रभारी ने बताया कि तीर्थ स्थली शुक्रताल गंगा तट पर लगे कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को सकुशल संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाने वाले सीओ भोपा मौहम्मद रिजवान, भोपा थाना प्रभारी विजय सिंह, मेला प्रभारी विजय कुमार थाना ककरौली, शुक्रताल चौकी प्रभारी बालेन्द्र सिंह को एसएसपी अनंत देव ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। समस्त मेला पुलिस द्वारा मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं में विश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा करते हुए मेला पुलिस ने उत्कृष्ट कार्य किया है। क्षेत्र के सभ्रांत लोगों ने भी बधाई दी है।