मुजफ्फरनगर। ग्रेन चेंबर स्कूल में चल रहे वार्षिकोत्सव का मंगलवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में बच्चों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया।
दूसरे दिन कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक कपिलदेव अग्रवाल, नई मंडी पीएनबी शाखा के एजीएम सुनील रावला, अध्यक्ष मिलिन्द अग्रवाल, प्रबंधक जितेंद्र कुमार, सह प्रबंधक डॉ अशोक कुमार, उपाध्यक्ष महेश चंद गर्ग आदि ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया। प्रधानाचार्य आजादवीर ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक भविष्य का निर्माता होता है, जबकि घर-परिवार बच्चे की प्रथम पाठशाला है। अभिभावक बच्चों में उच्च संस्कारों को पैदा करें, ताकि वह अपनी संस्कृति से जुड़े रहें। इस दौरान वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में प्रथम एसडी पब्लिक स्कूृल के ऋषभ चावला, द्वितीय ग्रेन चेंबर स्कूल की मानसी, डीएस पब्लिक स्कूल की आस्था चौधरी तथा तृतीय स्थान पर एमजी पब्लिक के वासुदेव मित्तल, एसडी पब्लिक स्कूल की विदूषी सिंह संयुक्त रुप से रही। जिन्हें पुरस्कार दिया गया। इसके बाद सीबीएसई दसवीं व बारहवीं कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल देकर अलंकृत किया। कार्यक्रम का संचालन हर्षिता मिश्रा, छात्रा रचिता, खुशी अग्रवाल, मानसी, छात्र लक्ष्य वत्स ने संयुक्त रुप से किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, विनोद संगल, सुतोपा बोस आदि रहे।