भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप
मुजफ्फरनगर। शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर शिक्षकों ने डीआईओएस ऑफिस पर धरना देकर प्रदर्शन किया। अधिकारियों पर शिक्षक हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।
महावीर चौक स्थित डीआईओएस ऑफिस पर माध्यमिक शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने विभिन्न समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर धरना, प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जिलेभर के शिक्षक शामिल हुए। धरने में मेरठ और सहारनपुर मंडल के शिक्षक नेताओं ने भी शिरकत की। शिक्षक नेताओं ने कहा कि विभाग के अफसरों के नकारेपन की वजह से शिक्षकों को धरने पर बैठना पड़ रहा है। शिक्षा विभाग में शिक्षकोें की समस्याओं को जानबूझकर निस्तारित नहीं किया जा रहा है। उनसे धन की मांग तक की जाती है। इसी भ्रष्टाचार के खिलाफ शिक्षकों को धरना देना पड़ रहा है। अध्यक्षता संघ जिलाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने की तथा संचालन मंत्री हेमंत कुमार विश्नोई ने किया। प्रदर्शन में सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।