डॉ. अनुज की हौसला अफजाई की
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव सोंटा में गरीब मजदूर परिवार के अनुज कश्यप के वैज्ञानिक बनने पर विधायक विक्रम सिंह, जिला पंचायत सदस्य संजय राठी, ग्राम प्रधान सुबोध राठी तथा अन्य गणमान्य लोगों ने उनके घर पहुंच कर अनुज को बधाई देते हुए उसकी हौसला अफजाई की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अनुज ने विपरीत परिस्थितियों में यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने समाज के उन छात्रों के सामने मिसाल कायम की है, जो गरीब हैं, मगर कुछ बनना चाहते हैं। गौरतलब है कि डा. अनुज को दो वर्ष के लिए चीन के बीजिंग यूनिवर्सिटी में वैज्ञानिक के पद पर नियुक्ति मिली है। अनुज का कहना है कि अवसर मिलने पर वह अपने देश के लिए कार्य करेगा। इस दौरान बेगराज राठी, बिजेंद्र, सुशील चौधरी, जितेंद्र, हरपाल सिंह, भारत, सागर आदि मौजूद थे।
विद्यालय का निरीक्षण किया
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। विधायक विक्रम सैनी ने नया गांव प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर मिड-डे मील के बारे में बच्चों से जानकारी ली। विधायक ने विद्यालय इंचार्ज मनीषा से बच्चों की संख्या के बारे में जानकारी करते हुए शिक्षा में सुधार की बात कही। इस दौरान उन्होंने बच्चों से पहाडे़, गिनती तथा कविता भी सुनी और मिड-डे मील के बारे में भी जानकारी की। अध्यापकों ने एक कमरे की जर्जर छत के बारे में बताया तो उन्होंने बीएसए से फोन कर छत ठीक कराने को कहा। इस दौरान नंतदकिशोर पांचाल, बीर सिंह कश्यप, रमेश, मनोज राठी, नीरज आदि मौजूद थे।