मीनू त्यागी को देवरिया जेल भेजने के आदेश
मुजफ्फरनगर। शासन ने यहां जिला कारागार में बंद विक्की त्यागी की पत्नी मीनू त्यागी को देवरिया जेल में शिफ्ट करने के आदेश जारी किए है। मीनू त्यागी ने अदालत में अर्जी लगवा कर अपनी जान का खतरा बताते हुए इसी जेल में रखे जाने की मांग की है। कोर्ट ने जेल प्रशासन से तीन दिनों में जवाब देने को कहा है।
मीनू त्यागी पर कई संगीन मामले चल रहे हैं। जेल प्रशासन ने उसे दूसरी जेल में शिफ्ट करने के लिए शासन को पत्र लिखा था। जिस पर आईजी जेल ने मीनू त्यागी को यहां से देवरिया जिला कारागार में भेजने के आदेश जारी किए। इसी बीच मीनू त्यागी की ओर से कोर्ट में अर्जी देकर उसे इसी जेल में रखने की प्रार्थना की गई। अर्जी में कहा कि उसकी पति विक्की त्यागी की हत्या हो चुकी है और उसे भी अपनी जान का खतरा है। साथ ही अर्जी में बताया कि उसके हाईकोर्ट के आदेश पर जिला कारागार में रखा गया है, इसलिए भी उसे दूसरी जेल में शिफ्ट नहीं किया जा सकता है। कोर्ट ने जेल प्रशासन से तीन दिनों में अपना जवाब देने के आदेश दिए हैं।
बड़कली कांड में गवाह से जिरह
मुजफ्फरनगर। बड़कली कांड में कोर्ट में गवाह से जिरह जारी रही। कोर्ट ने सुनवाई नौ सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी है। गौरतलब है कि वर्ष 2011 को ग्राम बडकली के निकट ट्रक से पूर्व गन्ना समिति के चेयरमैन उदयवीर सिंह सहित परिवार के आठ लोगों की ह्त्या कर दी गई। यह मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है।
सांप्रदायिक सौहार्द
बनाए रखने की अपील
शाहपुर। बकरीद पर्व को लेकर हुई शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने कसबा वासियों से पर्व पर सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। एसडीएम बुढ़ाना भूपेंद्र सिंह और सीओ हरिराम यादव ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न दी जाए। परंपरा से हट कर कोई काम न करें। थाना प्रभारी निरीक्षक बीपीएस यादव ने पर्व पर जनता से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। उधर, शहर कोतवाली में भी शांति समिति की बैठक हुई। सीओ सिटी हरीश भदौरिया और शहर कोतवाल संजीव शर्मा ने लोगों से परंपरा के अनुसार पर्व को शांतिपूर्वक मनाने का आह्वान किया।