सरेराह युवतियों से छेड़छाड़, हंगामा
मुजफ्फरनगर। नई मंडी में जानसठ रोड पर बाइक सवार युवक ने सरेराह दो युवतियों से छेड़छाड़ की। इस पर युवतियों ने हंगामा कर दिया। राहगीरों ने आरोपी को पकड़ कर धुनाई करके पुलिस के हवाले कर दिया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नईमंडी के अलमासपुर की युवती शहर में प्रकाश चौक पर एक नर्सिंगहोम में कार्य करती है। शुक्रवार दुपहर युवती अपनी एक सहेली के साथ अपने घर जा रही थी। नई मंडी के जानसठ रोड पर बाइक सवार एक युवक उनके साथ छेड़छाड़ करने लगा, जिस पर युवतियों ने शोर मचाते हुए हंगामा कर दिया। शोर-शराबा सुनकर राहगीर उस ओर आए और बाइक लेकर भाग रहे आरोपी को दबोच लिया। लोगों ने उसकी धुनाई की। युवतियों ने भी आरोपी युवक की जमकर खबर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों ने आरोपी सौंप दिया। थाने लाकर की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सद्दाम हुसैन निवासी न्याजूपुरा बताया। पीड़ित युवती ने उसके खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उसे जेल भेजने की तैयारी में है।