पालिका कर्मचारियों की हड़ताल से नगर में सफाई व्यवस्था ठप हो चुकी है। मात्र जीटी रोड को छोड़कर बाकी सभी गली और मोहल्लों में कूड़ों के ढेर लगे हुए हैं। बदबू की वजह से लोगों का जीना दूभर हो गया है।
नगर पालिका कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले छह दिन से लगातार हड़ताल पर हैं। सफाईकर्मियों के भी हड़ताल पर होने से नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। मात्र संविदा सफाई कर्मचारी सफाई में लगे हैं। ये संविदा कर्मचारी भी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर केवल जीटी रोड पर ही सफाई करते हैं। गली और मोहल्लों में पिछले छह दिनों से कूड़ा नहीं उठ सका है। कूड़ों के बड़े बड़े ढेर लग गए हैं। बुढ़ाना रोड स्थित शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कालेज के सामने तथा मोहल्ला ढाकन चौक, मोहल्ला मिटठूलाल, मोहल्ला लाल मोहम्मद, नई बस्ती, शिवपुरी समेत सभी गली मोहल्लों में लगे कूड़ों के ढेरों से बदबू उठने लगी है।
बदबू लोगों के घरों तक पहुंच रही है। जिससे गृहणियों को खाना बनाने तथा परिवार के लोगों का भोजन करना भी दूभर हो चुका है। नागरिकों का कहना है कि अगर शीघ्र ही कूड़ा नहीं उठाया गया तो बीमारी फैलने की आशंका बन सकती है। एसडीएम ने शुक्रवार को कर्मचारियों से समझौता वार्ता की थी, लेकिन समझौता वार्ता विफल ही रही।