चौधरी चरण सिंह की 118वीं जयंती मनाई गई
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। किसान मसीहा व देश के पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर उन्हें कस्बा व देहात क्षेत्र में सभी दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं नेे याद किया।
पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह की 118 वीं जयंती पर कस्बे के चौ. चरण सिंह तिराहे पर रालोद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने यज्ञ का आयोजन किया। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने जमींदारी खात्मा करके किसान व मजदूर का ही नहीं पूरे देश का भला किया। उनके इस कदम का देश में कहीं भी विरोध नहीं हुआ। आज किसानों को अपने हक की लड़ाई के लिए आंदोलन करने पड़ रहे हैं। पूर्व विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का पूरा जीवन किसान व मजदूरों के लिए संघर्ष करने में बीता है।
ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह उर्फ बबलू ने कहा कि उनके कार्यों के कारण पूरा देश उन्हें किसान मसीहा कहकर पुकारता है। इस मौके पर चेयरमैन सुरेन्द्र सहरावत, बालकिशोर त्यागी, चौ.आस मोहम्मद उर्फ बबलू, सकुल सहरावत, अशोक पांचाल, रामनिवास सहरावत व हाजी जमशेद ने विचार व्यक्त किए।
बार एसोसिएशन बुढ़ाना द्वारा चौ. साहब की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सभी अधिवक्ताओं ने उनके कार्यों का गुणगान किया। उन्हें देश का सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री बताया। इस मौके पर बार अध्यक्ष सुरेशपाल वर्मा व महासचिव ओमपाल मलिक सहित बार के सभी पदाधिकारी व अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी अधिवक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। गांव फुगाना में चौ. थामसिंह के घेर में आयोजित कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने उन्हें किसानों का मसीहा बताया। इस मौके पर ग्राम प्रधान जितेंद्र मलिक, चौ. मुकेश मलिक, धर्मवीर सिंह, महीपाल सिंह, निरंजन मलिक व पप्पू मलिक आदि मौजूद रहे।
किसानों को सम्मानित किया
बुढ़ाना। पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह की जयंती पर ब्लॉक कार्यालय में किसान सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। अधिक पैदावार करने वाले किसान बालिस्टर उकावली, जयकुमार वैल्ली व विकास निवासी बसी को प्रमाण पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित करने वालों में खंड विकास अधिकारी कपिल कुमार, ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह उर्फ बबलू व विधायक प्रतिनिधि के रूप में विनीत कात्यान ने संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र व शॉल भेंट कर सम्मानित किया।