हादसे में बाइक सवार दंपती समेत पांच लोग घायल
खतौली। सड़क हादसों में दंपती सहित पांच लोग घायल हो गए। नेशनल हाईवे पर ट्रक ने बाइक में पीछे से साइड मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती तथा उनका एक बच्चा घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, गांव सोंटा रोड पर हुए हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई घायल हो गए।
दौराला क्षेत्र के गांव समौली निवासी सुरेश पुत्र महेंद्र अपनी पत्नी पिंकी तथा पुत्र शिवम को लेकर बाइक से देवबंद के गांव बचीती अपनी ससुराल जा रहा था। हाईवे पर ट्रक ने बाइक में साइड मार दी। साइड लगते ही बाइक सवार तीनों लोग गिरकर घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने घायल पत्नी पिंकी को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। उधर, गांव सोंटा रोड पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गांव सराय निवासी विश्व व सुरेश पुत्रगण महेंद्र घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।