ड्यूटी में अक्षम कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा
मुजफ्फरनगर। डीएम अजय शंकर पांडेय ने ड्यूटी करने में अक्षम बीमारों और लाचारों को छुट्टी पर भेज दिया है। ऐसे आठ कर्मचारियों को छुट्टी दी गई है। डीएम ने यह भी कहा है कि मेडिकल बोर्ड की संस्तुति के बीना अपने विभाग में भी ये ड्यूटी पर नहीं जाएंगे।
डीएम ने बताया कि निर्वाचन ड्यूटी में तैनात किए गए कार्मिकों के अस्वस्थ होने के कारण निर्वाचन ड्यूटी से मुक्त किए जाने के प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए थे। जांचोपरांत मेडिकल बोर्ड द्वारा आठ कार्मिकों को अस्वस्थ घोषित करते हुए निर्वाचन ड्यूटी से मुक्त किए जाने हेतु संस्तुति की गई थी। इनमें पिंकी चौधरी एएनएम जानसठ, जसवीर कौर एएनएम बुढ़ाना, कंचन सिंह सहायक अध्यापक वाजिदपुर कवाली, मीरा देशवाल शिक्षा मित्र बधाईकलां, मधु वर्मा सहायक अध्यापक पुरकाजी, दीप्ति सिंह सहायक अध्यापक शाहडब्बर, सुरेश चंद नलकूप चालक उपखंड बुढ़ाना, केशोराम तार चपरासी गंगनहर हैं। डीएम ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों के कार्यालय अध्यक्षों को निर्देशित कर दिया गया है कि उपरोक्त आठ कर्मचारियों को चिकित्सीय अवकाश पर भेज दिया जाए तथा स्वस्थ होने के उपरान्त मेडिकल बोर्ड की संस्तुति के आधार पर ही योगदान कराया जाए।