चरथावल। हरियाणा में हुई सीबीएसई की अंडर-17 राष्ट्रीय फुटबाल चैंपियनशिप में उपविजेता रही नालंदा पब्लिक स्कूल की टीम के खिलाड़ी का कस्बे में अभिनंदन किया गया ।
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में चल रहे सीबीएसई नेशनल फुटबाल चैंपियनशिप में देश के 20 कलस्टर और छह अंतर राष्ट्रीय कुवैत, ओमान, बहरीन, दुबई, कतर और यूएई की टीमों ने प्रतिभाग किया। नालंदा की टीम ने दिल्ली, रांची, महाराष्ट्र, छत्तीगढ़ आदि की टीम को शिकस्त देकर खिताबी जंग में दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबले के दूसरे हाफ में 1-0 से विपक्षी टीम से पिछड़ गई। इससे टीम को उपविजेता बनने पर संतोष करना पड़ा। खास बात यह रही कि सतेंद्र कुमार को मैन ऑफ टूर्नामेंट और कोच सोमेन राय को सर्वश्रेष्ठ कोच के अवार्ड से नवाजा गया। शुक्रवार को टीम के खिलाड़ियों अक्षतवीर सिंह, सतेंद्र कुमार, कार्तिक त्यागी, ललित काकरान, वंश धीमान, अज्जवल पाल, निखिल कुमार, अंकित, शुभम, अजय, दीपक, रोहित, संजीव, अनुभव का चरथावल में स्कूल प्रांगण में भव्य स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य संजय सिंह, प्रबंधक विनेश त्यागी, सोमेन राय, प्रवीण त्यागी और पंकज कुमार मौजूद रहे।