जलती डिबिया गिरने से महिला जली
पुरकाजी।
घर में जल रही डिबिया गिरने से लगी आग से सो रही महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार की रात करीब आठ बजे की खादर क्षेत्र के गांव रामनगर में महिला मंजू देवी दस दिन पूर्व जन्मे अपने पुत्र के साथ घर के कमरे में सोई हुई थी। वहीं पर उसकी तीन वर्षीय पुत्री खेल रही थी, जिसका हाथ लगने से कमरे में जल रही डिबिया गिर गई, जिससे बिस्तर में आग लगने से वह झुलस गई। महिला के चिल्लाने पर परिजन कमरे में पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। परिजन महिला को अस्पताल उपचार के लिए ले जाने लगे। मगर, सोलानी नदी का पानी गांव के रास्तों पर भरा होने के चलते ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण बमुश्किल नाव के सहारे महिला को लेकर गांव रतनपुरी पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार नहीं होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां भी चिकित्सकों द्वारा उपचार करने से इंकार कर देने पर परिजन ने देर रात को महिला को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
आत्महत्या की सूचना पर पुलिस दौड़ी
पुरकाजी। महिला द्वारा आग लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल में पता चला कि महिला ने नाटक रचा है। मोहल्ला सब्जी मंडी में पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। रविवार शाम को महिला ने कमरा बंद करके बिस्तर में आग लगा ली। जिसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरा खुलवाकर देखा तो मामला महिला द्वारा नाटक करने का निकलना। पुलिस महिला व उसके पति को थाने ले आई। थाने में परिजन भी पहुंच गए और मामले को निपटाने का प्रयास किया जा रहा था।