किसान क्रांति यात्रा की सफलता के लिए जनसंपर्क
छपार। हरिद्वार से प्रारंभ होने वाली किसान क्रांति यात्रा को सफल बनाने के लिए गांव खुड्डा में भाकियू की बैठक का आयोजन किया गया। भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में किसान क्रांति यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान ग्राम प्रधान मोहम्मद उवेश समर्थकों के साथ भाकियू में शामिल हो गए। इसके बाद यात्रा की सफलता के लिए गांव में जनसंपर्क भी किया गया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि किसान क्रांति यात्रा हरिद्वार से 23 सितंबर को प्रारंभ होगी और दो अक्तूबर को दिल्ली पहुंचकर वहां धरना दिया जाएगा। मांगे पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। मंडल अध्यक्ष नवीन राठी, योगेश शर्मा, अंकित चौधरी, प्रधान बिट्टू, मनोज सहरावत, मांगेराम त्यागी, मुकेश पुंडीर व बबलू त्यागी मौजूद रहे।
बिलों का समाधान न होने पर मीटर उखाड़ने की धमकी
छपार। भाकियू (अंबावत) की बैठक में जिलाध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि एक माह में विद्युत बिलों का समाधान नहीं हुआ तो मकानों पर लगे मीटर उखाड़कर फेंक दिए जाएंगे। उन्होंने 24 सितंबर को कलक्ट्रेट पर किसान बचाओ देश बचाओ धरना प्रदर्शन के आयोजन की घोषणा की। गांव खोजा नंगला में ग्राम प्रधान व भाकियू (अ) के जिला महासचिव के आवास पर हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बिजली विभाग का कोई कर्मचारी रिश्वत मांगें तो उसे बंधक बना लो। तहसील उपाध्यक्ष इरतजा, जिला उपाध्यक्ष अनिल त्यागी, अजय त्यागी, आशीष शर्मा, अखिलेश चौधरी, राम सिंह गौतम, शेरदीन, पवन वाल्मीकि, फारूख, अय्यूब व ब्रिजेश और कल्लू आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता अनवार व संचालन बाबर ने किया।