बच्चों के फेल होने पर स्कूल पर अभिभावकों का हंगामा, प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड इंटर की परीक्षा में 26 में से 25 विद्यार्थी फेल होने का मामला सामने आया है। बुधवार को अभिभावकों ने हंगामा कर प्रदर्शन किया। प्रबंधतंत्र ने यूपी बोर्ड को पत्र भेज कर पुन: उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करवाने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
जानसठ रोड स्थित स्टेपिंग स्टोंस स्कूल हिंदी मीडियम में अभिभावक जमा हुए और आरोप लगाया कि स्कूल से इंटर की परीक्षा देने वाले 26 में से 25 बच्चे हिंदी सब्जेक्ट में फेल हो गए हैं। गुस्साए अभिभावकों ने नारेबाजी की और विरोध के दौरान कर्मचारियों से कहासुनी हुई। संस्था के जुड़े अभिनव सुशील ने अभिभावकों से वार्ता की। पैरेंट्स ने आरोप लगाया कि पढ़ाई के लिए फेकल्टी नहीं है। बिना तैयारी के परीक्षा दिला दी गई, जिस कारण से ज्यादातर बच्चे फेल हो गए। प्रबंधतंत्र ने आश्वासन दिया कि यूूपी बोर्ड को पत्र भेज कर फेल हुए छात्रों की कापियां पुन: जांच करवाई जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में प्रधान प्रमोद शर्मा, सुरेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, नरेंद्र पाल, पप्पू प्रधान, सूरजमल, प्रदीप, ब्रजपाल, तेजपाल, चंद्रपाल आदि शामिल रहे।