हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर हड़ताल पर रहेंगे वकील
खतौली। तहसील में अधिवक्ता पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे। वकीलों ने चेतावनी देते हुए कहा कि वे शामली में बृहस्पतिवार को होने वाली चुनावी सभा का भी विरोध करेंगे।
तहसील में बुधवार को तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं की बैठक अध्यक्ष जगदीश आर्य की अध्यक्षता में हुई। संचालन करते हुए महासचिव नवीन कुमार उपाध्याय ने बताया कि पश्चिम उत्तर प्रदेश संघर्ष समिति के आह्वान पर हाईकोर्ट बेंच बनवाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को कलमबंद हड़ताल रहेगी। हड़ताल में कोई भी अधिवक्ता का मुंशी, टाइपिस्ट, फोटोग्राफर काम नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि संघर्ष समिति के आह्वान पर ही शामली में बृहस्पतिवार को होने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा का भी बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में पूर्व अध्यक्ष कैलाश चंद गुप्ता, अशोक अहलावत, राजबीर सिंह, सुमित, जितेंद्र त्यागी, कुंवर सुलेमान खां, चतरपाल सिंह, सतप्रकाश सैनी, सुभाष चंद, दिमाग सिंह आदि अधिवक्तागण उपस्थित रहे।