उज्ज्वला योजना में आज बंटेंगे कनेक्शन
मुजफ्फरनगर। जिले में विस्तारित उज्ज्वला योजना में शुक्रवार को गरीब परिवारों को गैस के 4200 कनेक्शन बांटे जाएंगे। जिले की सभी गैस एजेंसी एक गांव में कैंप लगाएगी।
केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के माध्यम से प्रत्येक गरीब परिवार को गैस कनेक्शन देने की योजना चलाई है। योजना में 20 अप्रैल को सुबह साढे़ नौ बजे से कैंप प्रारंभ हो जाएंगे। जिले में 42 गैस एजेंसी है, प्रत्येक एजेंसी एक गांव में शिविर लगाकर 100 कनेक्शन बांटेगी। सभी 42 एजेंसी को 4200 कनेक्शन वितरित करने का लक्ष्य दिया गया है। गैस कनेक्शन में अनुसूचित जाति, जन जाति, अंत्योदय राशन कार्ड धारक, पीएम आवास योजना के पात्रों और महिलाओं को फ्री गैस कनेक्शन मिलेंगे।
आंधी-तूफान के चलते जिले में अलर्ट
मुजफ्फरनगर। रात्रि में तेज आंधी-तूफान की आशंकाओं के चलते पूरे जिले में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने बिजली विभाग और पुलिस को चौकन्ना रखा।
बृहस्पतिवार को जहां दिन में तेज गर्मी शुरू हुई, वहीं शाम के समय हवा मानो रुक सी गई। तेज आंधी से पहले जैसे हालात शाम के समय बन गये। मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के आने की आशंका व्यक्त की। इसके चलते बृहस्पतिवार की शाम जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया। शाम आठ बजे से सुबह आठ बजे तक लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया। जिला प्रशासन ने बिजली विभाग को हर परिस्थिति पर नजर गड़ाए रखने के लिए कहा है। आंधी-तूफान से कोई हानि किसी तरह की न हो, अधिकारी इस पर नजर रखें। इसी के साथ ही पुलिस को भी चौकन्ना किया गया है। जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। डीएम राजीव शर्मा ने बताया कि संभावित आंधी-तूफान पर नजर रखी जा रही है।