उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई करो
मुजफ्फरनगर।
अखिल भारत हिंदू महासभा ने भारत बंद के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों में दलितों के आंदोलन के दौरान हुई हिंसा की निंदा की है। महासभा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को अखिल भारत हिंदू महासभा की बैठक में महासभा के प्रदेशाध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से एससी-एसटी एक्ट में निर्दोषों को राहत मिलेगी। भारत बंद के नाम पर अराजकता फैलाने का काम किया गया। इस प्रकरण में अब राजनीति होने लगी है। भीम आर्मी, शहीद उधम सिंह सेना और जय सिंधु संघ के साथ ही अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कुछ राजनीतिज्ञ दलों के लोगों के हाथों की कठपुतली बनकर लूटपाट, आगजनी और तोडफोड़ जैसे कार्य किए। ये बवाल राजनीतिक पार्टियों के इशारे पर की गई। हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरीश त्यागी व प्रदेश सचिव हिमांशु शर्मा ने कहा कि इस बवाल में शामिल उपद्रवी पर यूपी कोका के तहत कार्यवाही होनी चाहिए। महासभा ने भीम आर्मी, शहीद उधम सिंह सेना, जय सिंधू संघ सहित भारत बंद में शामिल सभी संगठनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। बैठक के बाद महासभा की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। इसमें दो अप्रैल को जनपद में हुई हिंसा पर रोष और निंदा व्यक्त करते हुए सरकार से उपद्रवियों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा कायम कराने की मांग की गई है। बैठक में साक्षी वर्मा, गीतांजलि, रुचि सिंह, गौरव सिंह, आजाद, हिमांशु शर्मा, मनोज ठाकुर, दीपक शर्मा, रानी चौधरी आदि उपस्थित रहे।