चरथावल। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों में 214 को शौचालय बनवाने और जर्जर आवास की मरम्मत कराने के लिए आर्थिक मदद के लिए चुना गया है। बीडीओ डॉ साजिद अहमद ने सर्वे कराने के बाद विभाग में नामों की सूची भेज दी है।
श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के लिए विभिन्न लाभकारी योजनाओं के तहत सुविधाएं मुहैया कराता है, लेकिन ब्लॉक स्तर पर कर्मचारी अनावश्यक झंझट से बचने के लिए सर्वे कराने में रुचि नहीं लेते, जिससे जरूरतमंदों को लाभ नहीं मिल पाता। पहली बार बीडीओ साजिद अहमद ने सहायक श्रमायुक्त की पहल पर ब्लॉक के हर गांव में अनेेक संसाधनों से सर्वे कराया, जिसमें गांव रोहाना, बाननगर, बहेड़ी, जटनंगला आदि में 686 पंजीकृत श्रमिक मिले। उनमें से 90 श्रमिकों के यहां ओडीएफ योजना में शौचालय नहीं बने थे। इनमें से जर्जर मकानों में रहने वाले 124 पात्र मिले, उन्हें श्रम विभाग 15 हजार रुपये के हिसाब से मरम्मत के लिए आर्थिक अनुदान का प्रावधान है। बीडीओ ने 214 पंजीकृत मजदूरों को चयनित कर लाभ दिलाने के लिए सहायक श्रमायुक्त के यहां सूची भेजी है।
कई गांवों में कोई नहीं पंजीकृत मजदूर
चरथावल। ब्लॉक के 59 गांव में सिर्फ 686 मजदूरों का पंजीकरण है, जिसमें रोहाना इलाके के चार गांवों में सैकड़ों मजदूरों का पंजीकरण है। जबकि नदी पार इलाके गांव न्यामू, कयामपुर, छिमाऊ, दूधली समेत दर्जनों गांव में किसी भी मजदूर का पंजीकरण नहीं है। यदि किसी व्यक्ति ने पंजीकरण कराया भी है, तो समय से नवीनीकरण नहीं हो सका है। बीडीओ ने क्षेत्र के पात्र श्रमिकों से विभाग में पंजीकरण कराकर सहायता उठाने की अपील की है।