पोलियो खुराक पिलाने गई आशा के साथ बदसलूकी
मंसूरपुर।
गांव पुरबालियान में पोलियो खुराक पिलाने गई आशा के साथ तीन युवकों ने बदसलूकी कर दी। इस मामले को लेकर आशाओं में आक्रोश फैल गया। आशाओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पर हंगामा व प्रदर्शन किया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर लिया है। पुलिस आरोपियों को तलाश करने में जुटी है।
मंसूरपुर के गांव निवासी महिला आशा कार्यकर्ता है। मंगलवार को एक बजे जब वह गांव में ही पोलियो ड्रॉप पिलाने जा रही थी, तो गली में गांव के तीन युवक खड़े हुए थे। उन्होंने आशा के साथ अभद्रता करते हुए उसे एक मकान में खींच लिया। शोर मचाने पर बराबर के मकान से दूसरी आशा आ गई। उसे देखकर तीनों युवक वहां से भाग निकले। पुलिस ने आशा कार्यकर्ता की तरफ से गांव के संजीत पुत्र ओमी व प्रवेश पुत्र बीरम तथा एक अज्ञात के खिलाफ धारा 354, 504, 506 मुकदमा दर्ज कर लिया। आशा के साथ हुई घटना को लेकर आशाओं में आक्रोश फैल गया। बुधवार को क्षेत्र की सभी आशाओं ने बहिष्कार कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में हंगामा व प्रदर्शन किया। इंस्पेक्टर केपीएस चाहल का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर लिया गया है। आरोपियों की पकड़ने के लिए लगातार दबिश जारी है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इंस्पेक्टर के आश्वासन पर आशाएं शांत हुई और लौट गई।