छपार। दिल्ली से हरिद्वार अस्थियां लेकर जा रही एक स्कार्पियो ने बाइक में जबदस्त टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने एक को दिल्ली और दूसरे को मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने कार को चालक सहित पकड़ लिया है।
दिल्ली निवासी कुछ लोग स्कार्पियो से बृहस्पतिवार को अस्थियां लेकर हरिद्वार जा रहे थे। नेशनल हाईवे पर बिजोपुरा चौराहे पर एक बाइक पर सवार तीन युवक बिजोपुरा की ओर से आए। सड़क पार करते समय स्कार्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गांव जयभगवानपुर निवासी धर्मेंद्र, सतीश और लख्मीचंद गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने धर्मेंद्र को दिल्ली और सतीश को मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने दिल्ली निवासी चालक अनिल कुमार को हिरासत में लेकर कार सहित गिरफ्तार कर लिया। बाकी लोग अस्थियां लेकर हरिद्वार चले गये। समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर नही आयी थी।
कुर्की नोटिस चस्पा
रोहाना। पुलिस ने अपहरण के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के मकान पर कुर्की वारंट चस्पा किया है। पुलिस ने बताया कि बाननगर से 29 जून को युवती का मलीरा अड्डे से अपहरण हुआ था। इसमें फरार चल रहे शोहेब, जुनेद, मारूफ,सलीम निवासी कालंद थाना सरधना और फाजिल, काजिम उर्फ कामिल निवासी निरधना के घर पर पुलिस ने कुर्की नोटिस चस्पा किया है।