डीएवी डिग्री कॉलेज में हॉकी प्रतियोगिता
मुजफ्फरनगर।
डीएवी डिग्री कालेज में खेली गई चौधरी चरण सिंह मेमोरियल प्रथम डीएवी कप हॉकी चैंपियनशिप पर सहारनपुर ने कब्जा किया। प्रतियोगिता में टीमों ने जीतने के लिए कड़ा संघर्ष किया। विजेता टीम और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता के आखिरी दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहला मैच स्पोर्ट्स स्टेडियम बिजनौर और डीएवी इंटर कालेज के बीच खेला गया। यह मैच डीएवी इंटर कालेज ने 6-1 से जीत लिया। इस मैच में सबसे अधिक चार गोल डीएवी के खिलाड़ी विनायक ने किए। ब्रेक के बाद प्रतियोगिता का फाइनल मैच हुआ। जिसमें सर सैय्यद कालेज सहारनपुर और स्पोर्ट्स स्टेडियम हरिद्वार के बीच हुआ। यह मैच काफी कड़ा रहा। जिसमें सहारनपुर की टीम ने 3-1 से मैच जीतकर प्रतियोगिता पर कब्जा किया। मैच के अंपायर मोहम्मद यामीन और चंद्रमणि रहे। मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ पीके गुप्ता ने कहा कि छात्रों को खेलों में भी प्रतिभाग करना चाहिए। जिले में अनेक प्रतिभाएं हैं, जो अपनी प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, जिनका देश-विदेश में डंका बज रहा है। विशिष्ट अतिथि सपा नेता राकेश शर्मा ने भी विचार रखे। बेस्ट गोल कीपर आशीष कुमार, बेस्ट प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट रोहित कुमार को चुना गया। अतिथियों ने विजेता टीम और खिलाड़ी को सम्मानित किया । जिला पंचायत सदस्य संजय राठी, हरेंद्र शर्मा, प्रतीक मित्तल, नीरज बंसल, विनय पुंडीर, विकास पंवार, सत्यकाम तोमर, प्रदीप तोमर, मोहम्मद रिजवान आदि मौजूद रहे।