शाहपुर में फर्जी वोटर पकड़ा, कब्जे से 20 आधार कार्ड मिले
मुजफ्फरनगर। शाहपुर पुलिस ने मतदान के दौरान एक फर्जी वोटर को पकड़ा है, जो फर्जी आधार कार्ड के जरिये मतदान करा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह इतने आधार कार्ड कहां से लाया था।
शाहपुर के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में बने मतदान केंद्र के बूथ नंबर 16 पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया। वह एक प्रत्याशी के पक्ष में फर्जी वोटिंग करा रहा था। शाहपुर इंस्पेक्टर बीपीएस यादव ने बताया कि पकड़ा गया युवक कसबे में रामनगर निवासी शिवा पुत्र ओमप्रकाश है, जिसके कब्जे से 20 फर्जी आधार कार्ड भी बरामद हुए। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस संबंध में उसके खिलाफ फर्जी आधार कार्ड बनाने और चुनाव में फर्जी वोटिंग करने का मामला दर्ज कर लिया है।
दो महिलाओं समेत 17 को पकड़ कर थाने बैठाया
मुजफ्फरनगर। शहर में वोटिंग के दौरान फर्जी वोट डालने को लेकर नई मंडी के जीसी पब्लिक स्कूल पर कुछ लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने दो लोगों को पकड़ कर थाने पर बैठा लिया। सिविल लाइन के मल्हूपुरा के बूथ पर भी एक युवक के बार-बार बूथ पर आने पर विपक्ष के लोगों ने हंगामा किया। इस पर पुलिस ने इस युवक को हिरासत में ले लिया था। शहर कोतवाली क्षेत्र में मतदान के दौरान खालापार, किदवईनगर, लददावाला के बूथों पर फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत 14 लोगों को पकड़ कर कोतवाली ले जाकर बैठा लिया। इनमें दो सभासद प्रत्याशी भी शामिल रहे। चुनाव होने के बाद शाम को इन्हें छोड़ दिया गया।
वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने पर हंगामा
मुजफ्फरनगर। शहर में रामपुरी में बनाए गए बूथ पर जब मतदाता आए तो उन्हें पता चला कि उनके नाम वोटरलिस्ट में नहीं है। इस पर लोगों ने वहां पर हंगामा कर दिया। पुलिस वालों ने उन्होंने समझाने का प्रयास किया, मगर वो नहीं माने। पुलिस ने उनकी बात डीएम से कराई। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिन लोगों ने नाम वोटरलिस्ट नहीं है, उनकी वोट नहीं पड़ेगी। इस पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ दिया।