मोरना(मुजफ्फरनगर)। राशन डीलरों द्वारा धांधली और वितरण में अनियमितताओं को लेकर रालोद कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे जानसठ तहसीलदार ने एक सप्ताह के भीतर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
नगर पंचायत भोकरहेड़ी से आए दिन राशन डीलरों की शिकायत मिल रही थी। जिसको लेकर रालोद के जिला उपाध्यक्ष सुमित सहरावत के नेतृत्व में नगर पंचायत कार्यालय के प्रांगण में प्रदर्शन किया। कहा कि कस्बे में राशन डीलरों ने लूट मचा रखी है। कभी सूची में नाम न होना तथा कभी ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन के नाम पर गरीब जनता को डीलरों द्वारा परेशान करने की सूचना मिलती रहती हैं। जिसको लेकर रालोद ने कार्यकर्ताओं व कस्बावासियों सहित नगर पंचायत कार्यालय परिसर में धरना देकर एसडीएम को मौके पर बुलाने तथा शीघ्र जांच करने की मांग की।
शाम को धरने के बीच पहुंचे तहसीलदार जानसठ मनोज कुमार को रालोद कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा तथा शीघ्र कार्रवाई न होने पर राशन की दुकानों में ताला डालने की चेतावनी दी। तहसीलदार ने एक सप्ताह के भीतर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। नगर अध्यक्ष तनुज कुमार, बबलू कुमार, अनुज सहरावत, विनय चौधरी, डॉ. अख्तर अली, धर्मपाल सिंह, जयवीर सिंह, शकील अहमद, नितिन, विशाल, जुनैद, बाला, सरवरी, अनवरी, अनीता, हरेंद्र शामिल रहे।