पालिका अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन
खतौली। सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने पालिका अधिकारियों के विरुद्ध बुढ़ाना रोड पर कूड़े के ढेर लगने के विरोध में प्रदर्शन किया। आधा घंटे तक रोड पर जाम लगाया। बच्चों ने बुढ़ाना रोड से कूड़े का खत्ता भी बंद कराने की मांग की। इस संबंध में स्कूलों की ओर से प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी भेजा।
नगर पालिका कर्मचारियों की बकाया भुगतान की मांग को लेकर पिछले 12 दिनों से बेमियादी हड़ताल चल रही है। इससे नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है। सड़कों के अलावा गली व मोहल्लों में कूड़ों के ढेरों के अंबार लग गए हैं। इससे दुर्गंध उठने लगी है। नागरिक नारकीय जीवन जीनों को मजबूर हो गए हैं। प्रशासन व पालिका अधिकारी इस ओर कतई ध्यान नहीं दे रहे हैं। बुढ़ाना रोड पर भी शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कालेज के सामने कूड़े का ढेर लग गया है। इस रोड से गुजरने वाले स्कूली बच्चों को आने व जाने के लिए मुसीबत उठानी पड़ रही है। शनिवार को 12 सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के छात्र व छात्राओं ने बुढ़ाना रोड पर कूड़े का ढेर उठाने की मांग को लेकर पालिका अधिकारियों के विरुद्ध प्रदर्शन किया। छात्र व छात्राओं ने रोड से कूड़े का खत्ता बंद कराने की मांग को लेकर सड़क पर आधा घंटे तक जाम भी लगाया। स्कूलों की ओर से अपनी मांग का एक ज्ञापन प्रधानमंत्री को भेजा गया है।