अर्पिता सैनी ने शिमला में हाफ मैराथन जीती
मुजफ्फरनगर। जिले के रोहाना गांव की बेटी अर्पिता सैनी ने शिमला पुलिस की ओर से नशा मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हाफ मैराथन जीत ली। तीसरे स्थान पर भी रोहाना की ही काजल शर्मा रही। मुख्य अतिथि नागालैंड के पूर्व राज्यपाल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
शिमला में नशा मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में शिमला हाफ मैराथन का आयोजन शिमला पुलिस ने किया। जिले के रोहाना की अर्पिता सैनी ने हाफ मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उसे 25 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया। तीसरा स्थान जिले के रोहाना की ही काजल शर्मा को मिला उसे 11 हजार का पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नागालैंड के पूर्व राज्यपाल अश्वनी कुमार ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। अर्पिता सैनी के कोच कपिल देव ने बताया कि दस किमी की दौड़ में जिले की ही कुनिका ने तीसरा और काजल ने नौंवा स्थान पाया। कुनिका को 5100 और काजल को 1100 को पुरस्कार मिला। अर्पिता सैनी बीते एक वर्ष में मैराथन, हाफ मैराथन की बड़ी संख्या में प्रतियोगिता जीत चुकी है। अर्पिता सैनी एसडी डिग्री कॉलेज की छात्रा है।