डीएम ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
बुढ़ाना। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बुढ़ाना क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को चेतावनी देते हुए कहा कि आईडी व वोटर पर्ची के बिना किसी की वोट नहीं डलेगी। उन्होंने ग्रामीणों से शतप्रतिशत मतदान करने की अपील की।
जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय रविवार को बुढ़ाना पहुंचे। उपजिलाधिकारी दीपक कुमार व तहसीलदार मनोज कुमार के साथ उन्होंने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पर मीटिंग की। मीटिंग में पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय प्रकाश व इंस्पेक्टर यशपाल सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मीटिंग के बाद अधिकारियों को साथ लेकर बुढ़ाना क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बिटावदा गांव में मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद गांव वालों से वार्ता की। जिलाधिकारी ने गांव वालों को आश्वासन देते हुए कहा कि भयमुक्त होकर मतदान करें। मतदान के दौरान कोई भी गड़बड़ी बर्दाश्त नही कि जाएगी। उन्होंने गांव वालों को यह भी कहा कि आईडी व वोटर पर्ची के बिना वोट नहीं डालने दी जाएगी। उन्होंने सभी गांव वालों से वोट डालने की अपील की।