ईजी डे स्टोर से लिया पनीर का नमूना
मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जीआईसी मैदान के सामने स्थित स्टोर पर जांच की। वहां बेस्ट बिफोर की तिथि बीते हुए खाद्य पदार्थों को जब्त किया गया तथा पनीर का नमूना भी लिया। स्टोर प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया है।
नगर की अंकित विहार कॉलोनी निवासी विकास कुमार वर्मा ने दो मार्च को ईजी डे स्टोर से गजक के पैकिंग खरीदे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें बेस्ट बिफोर तिथि बीते हुए डिब्बे दे दिए गए। उन्हें खाकर उनकी पत्नी तथा माता की तबीयत खराब हो गई। विकास कुमार वर्मा ने कंपनी के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में शिकायत की है। उनका आरोप है कि उन्होंने कंपनी के सेंटर प्रबंधक से जब इस संबंध में शिकायत की, तो उन्होंने धमकी दी। ई-मेल पर की गई शिकायत को भी बिना कोई कार्रवाई की निस्तारित बता दिया गया। बाद में उन्होंने खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग से शिकायत की। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जीआईसी मैदान के सामने स्थित ईजी डे स्टोर पर पहुंची। कई पैक्ड खाद्य पदार्थ बेस्ट बिफोर तिथि के मिले। उन्हें जब्त कर लिया गया है। अभिहित अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि स्टोर से पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा खतौली के गांव चंदसीना में फरमान के यहां से खोया का नमूना लेकर जांच को भेजा गया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके त्रिपाठी, डा. अनिल कुमार कौशल, राजीव कुमार, डा. विकास कुमार, मोहित कुमार, प्रेमचंद, वारियाक्ष दीक्षित शामिल रहे।