श्रीराम कॉलेज के छात्रों ने स्वच्छता अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के एक दिवसीय शिविर में छात्र-छात्राओं ने दिगंबर जैन मंदिर, वहलना में स्वच्छता अभियान चलाया।
शिविर मे विशिष्ट अतिथि रजनीश जैन ने कहा कि मनुष्य सैद्धांतिक रूप से जो कुछ सीखता है उसका व्यावहारिक परीक्षण समाज में अपनी सहभागिता देकर सही तरीके से कर सकता है। जब व्यक्ति में सुधार आयेगा तो समाज का स्वरूप अपने आप अच्छा हो जाएगा और समाज अनुकरणीय हो जाएगा। इसके पश्चात कार्यक्रम अधिकारी अंकित कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित होने वाले शिविर हमेशा विद्यार्थियों को सीखने के अच्छे अवसर प्रदान करते है जो समाज और राष्ट्र निर्माण में लाभकारी सिद्ध होते हैं। प्रवक्ता विकास त्यागी, रजनीकांत, आकांक्षा कुशवाहा, श्रेया त्यागी, वंशिका नेहरा, लक्ष्मी पालीवाल, सुहैल, राजध्यैया, सारिका, अदीति शर्मा, शिल्पा आदि का विशेष योगदान रहा।
वसंतोत्सव मनाया
(फोटो समाचार)
मुजफ्फरनगर। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में वसंतोत्सव मनाया गया। शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या हरजिंदर कौर ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कक्षा चार की छात्राओं ने सरस्वती वंदना द्वारा मां वागेश्वरी की स्तुति की। छात्रा वेदप्रभा ने सुंदर नृत्य के द्वारा सभी का मन मोह लिया। विद्यालय के प्राथमिक विभाग में भी बसंत को उत्साह के साथ मनाया गया। छात्रों ने पीली वेशभूषा पहनकर वसंत ऋतु का स्वागत किया।