पुरकाजी। दो सप्ताह पूर्व एक शादी समारोह में हुई मारपीट के मामले में दर्ज हुए मुकदमे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भाजपा नेताओं ने थाने पहुंचकर इंस्पेक्टर से नाराजगी जताई। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
गत 17 दिसंबर एक युवक की बरात पुरकाजी से गांव हरिनगर गई थी। जहां पर किसी बात को लेकर कुछ युवकों में मारपीट हो गयी थी। जिसमें पुरकाजी निवासी रामकुमार, अमित, संजीव अंकुर, अजय आदि घायल हुए थे। जिनका पुलिस ने पुरकाजी अस्पताल में मेडिकल कराया था। पुलिस गत 21 दिसंबर को घायल पक्ष द्वारा दी गयी तहरीर पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। दो सप्ताह से भी ज्यादा समय गुजर जाने के बावजूद पुलिस ने किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। जिसको लेकर शुक्रवार को भाजपा नेता भारत भूषण खुल्लर, डॉ1 ओपी गौतम, नरेंद्र पाल सहित घायल पक्ष के लोग इंस्पेक्टर से मिले और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इंस्पेक्टर अमरदीप लाल ने बताया कि आरोपियों के घर पर कई बार दबिश दी गयी है, मगर आरोपी घर पर नहीं मिले, आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
शेरपुर बिजलीघर पर भाकियू का धरना सात जनवरी को
पुरकाजी। आगामी सात जनवरी को भाकियू के नेतृत्व में शेरपुर बिजलीघर पर धरना दिया जाएगा। भाकियू के मंडल महासचिव प्रधान नवीन राठी ने आरोप लगाया कि शेरपुर बिजलीघर पर तैनात जेई व अन्य कर्मचारियों द्वारा काफी समय से किसानों को परेशान कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे लेकर किसानों में रोष व्याप्त है। इसी को लेकर धरना दिया जाएगा।