चरथावल। बारिश के बाद कस्बे एवं देहात में कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हैबतपुर, सैदपुर कला और कस्बे में तीन मकान गिरे गए। दूसरी ओर, अलावलपुर नाले कुछ लोगों द्वारा अवरोध लगाने से कई किसानों की खेतों खड़ी फसल बर्बाद हो रही है।
कस्बे में मुर्दापट्टी मोहल्ले में रिजवान के दुमंजिला मकान की ऊपरी मंजिल के दो कमरों की छत धराशायी हो गई। वहीं, सैदपुर कलां में महिला हसीना के मकान की दीवार गिर गई। ग्राम प्रधान नफीस और लेखपाल ने नुकसान का आंकलन किया। शनिवार रात में हैबतपुर में मौहब्बत का परिवार घर में सोया था। अचानक मकान की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। इसके बाद परिजनों ने मकान खाली कर दूसरी जगह शरण ली। उधर, अलावलपुर नाले में दलीपपुरा के ग्रामीणों ने नाले में चकरोड के लिए रास्ता बनाने के लिए अवरोध लगा रखे हैं। जिससे पानी की निकासी नहीं होने से हजारों बीघा जमीन में खड़ी फसल पानी में डूब गई है। किसान कुबेरदत्त त्यागी, सुभाष कश्यप, साधु राम सैनी ने बीडीओ से ग्रामीण इलाकों के नाले को अवरोध हटवाकर पानी की समुचित निकासी कराने की मांग की है। पीपलशाह, कान्हाहेड़ी-दूधली नाले अवरोध के कारण खेतों में पानी भरा है। किसानों की दिक्कत के मद्देनजर ब्लॉक स्तर से सफाई कराई जा रही है।