कबड्डी में चौधरी क्लब काकड़ा ने ट्रॉफी जीती
मोरना/छपार। गांव बसेड़ा में जिलास्तरीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप में चौधरी क्लब काकड़ा ने ककराला की टीम को फाइनल मेें हराकर ट्राफी पर कब्जा जमा लिया। विजेता टीम को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में चुने गए खिलाड़ी 27 से 29 जुलाई तक जिला गौतमबुद्धनगर में स्टेट चैंपियनशिप में भाग लेंगे।
गांव बसेड़ा में 43वीं एक दिवसीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। निर्धारित 40 मिनट के नाक आउट मुकाबलों के बाद पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में गांव ककराला की टीम ने 22-21 से काकड़ा को, भोकरहेड़ी ने बरला को 34-33 से, चौधरी क्लब काकड़ा ने सोरम को 30-13 से और बसेड़ा ने इटावा की टीम को 17-10 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। प्रथम सेमीफाइनल में ककराला की टीम ने भोकरहेड़ी को 30-15 से व द्वितीय सेमीफाइनल में चौधरी क्लब काकड़ा ने बसेड़ा की टीम को 24-6 से हराकर फाइनल में पहुंची। वहीं, रविवार की देर रात खेले गए फाइनल के संघर्ष पूर्ण मुकाबले में चौधरी क्लब काकड़ा ने ककराला को अंतिम समय में 17-14 से हराकर खिताब को अपने नाम करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता व उपविजेता टीम को अतिथियों ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सचिव रामपाल ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान आब्जर्बर ईश्वर पाल मुखिया उप्र कबड्डी संघ, सतेंद्र सिंह बागपत, सुनील सहारनपुर, जुगेंद्र मेरठ, सहसचिव धर्मेन्द्र मास्टर आदि ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल के आधार पर 14 खिलाड़ियों का चुनाव किया, जो इंडोर क्लब सोरम में मैट पर 17 से 25 जुलाई तक कैंप करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान अनिल काकड़ा, ओमबीर धीराहेड़ी, संदीप शामली, नितिन बसेड़ा, नरेंद्र काकड़ा, मुकेश रसुलपुर आदि ने रैफरी की भूमिका निभाई। मोहम्मद इदरीश ने बेहतरीन कमेंट्री के द्वारा दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आदित्य, आर्य, निखिल, वंश, दीपू, विपुल, शिवम, विशाल, रोनक, उत्तम, गोलू, प्रशांत आदि ने प्रतियोगिता के आयोजन में कड़ी मेहनत कर सफल बनाया।