टशन में मारी दी थी गोली
मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने पेपर मिल के सुपरवाइजर को गोली मारने वाले आरोपी को तमंचे समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी ने काम को लेकर जरा सी बात कहने की टशन में ही सुपरवाइजर की हत्या करने का प्रयास किया। पुलिस आरोपी के दूसरे साथी की तलाश में लगी है।
एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि सिखेड़ा के ग्राम आसफनगर का रहीस अहमद यहां राणा पेपर मिल में सुपरवाइजर है। 14 मई को सुबह वर्करों की ड्यूटी समाप्त होने पर रहीस ने वर्करों से बताया कि कुछ काम रह गया है, इसे पूरा करने के बाद ही छुट्टी मिलेगी। इसी बात पर राहुल उर्फ आशु पुत्र ओमपाल निवासी सिलाजुड्डी की उससे कहासुनी के बाद टशन हो गई। उसी दिन देर रात जब रहीस बाइक द्वारा पेपर मिल में आ रहा था, तो जानसठ रोड पर रोडी प्लांट के पास राहुल ने अपने एक साथी के साथ मिल कर रहीस को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। नईमंडी इंस्पेक्टर ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर तमंचा, कारतूस बरामद कर उसे जेल भेज दिया। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।