एसएसपी दफ्तर पर प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। महिला पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने एसएसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया। प्रार्थना पत्र कर कार्रवाई की मांग की गई।
एसएसपी के नाम दिए प्रार्थनापत्र में बुढ़ाना क्षेत्र के गांव लुहसाना के सतीश कुमार ने न्याय की गुहार लगाई। बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण को लेकर पड़ोसी महिला की उसकी मां ब्रजबाला की कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि उक्त महिला ने अपने परिजनों के साथ तमंचों और धारदार हथियारों से लैस होकर उसके घर पर धावा बोल दिया और उसकी मां को उठाकर अपने घर ले गए, जहां उसकी मां को बेरहमी से मारा पीटा। मारपीट में उसकी मां के हाथ की अंगुलियां भी कट गयी। उसकी मां को बचाने आई सुशीला के साथ भी मारपीट की गई। उसकी मां का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर दिए जाने के बावजूद बुढ़ाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पीडित ने कार्रवाई की मांग की। इस दौरान परिजन और ग्रामीण मौजूद रहे।
छत से गिरने से बालक की मौत
मुजफ्फरनगर। छत से गिरने से बालक की मौत हो गई। उधर, अस्पताल में भी दो की मौत हो गई। शहर कोतवाली के न्याजुपुरा निवासी नसीम का छह साल का बेटा अजीम मकान की छत पर खेलते हुए जाल से नीचे फर्श पर गिर गया। बालक को पहले जिला अस्पताल, फिर मेरठ और बाद में दिल्ली के गुरु तेगबहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इस संबंध में शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी। शामली के थानाभवन की नई बस्ती निवासी वीर सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खादरवाला निवासी दस वर्षीय बालक की भी अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया और शवों को ले गए।
युवक को करंट लगा
मुजफ्फरनगर। महमूदनगर निवासी शमशाद घर में बिजली की वायरिंग फीटिंग कर रहा था, तभी उसे करंट लग गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीकरी पुलिस ने कुर्की नोटिस चस्पा किए
मुजफ्फरनगर। आगरा के फतेहपुर सीकरी के सिटी थाने के उपनिरीक्षक मुकेश कुमार टीम के साथ शहर कोतवाली आए। बताया कि क्षेत्र के खालापार निवासी तीन लोग उनके थाने से 446 सीआरपीसी के मामले में वांछित है। बाद में उसनके घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा किया।
ट्रेन की चपेट में आए दो युवक
मुजफ्फरनगर। गाजियाबाद निवासी निखिल पुत्र मनोज यादव ट्रेन में सवार होकर मुजफ्फरनगर आया था, यहां चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में वह रेलवे ट्रेक पर जा गिरा और घायल हो गया। शुक्रताल निवासी निक्कू भी ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।