मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं का लाभ पात्र एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। लक्ष्य के सापेक्ष काम नहीं करने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। टेल तक पानी की जांच करने के लिए डीडीओ को निर्देश दिए गए।
कलक्ट्रेट सभा कक्ष में गन्ना भुगतान की समीक्षा करते हुए जिला गन्नाधिकारी को समय सीमा के अंतर्गत गन्ना भुगतान कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। भैसाना चीनी मिल द्वारा कम भुगतान किये जाने को गंभीरता से लिया। भुगतान नहीं करने पर एफआईआर कराने के आदेश दिए। कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि किसानों को सब्सिडी युक्त उपकरण एवं खाद् व बीज उपलब्ध कराये जाए। किसान गोष्ठियों के आयोजन कराए जाए जिससे वे कम लागत पर अधिक फसल प्राप्त कर सके। जल निगम की समीक्षा करते हुए पेयजल परियोजनाओं का फंड अन्य परियोजना में डायवर्जन को गंभीर बताते हुए निर्देश दिए कि कौन सी परियोजना चल रही है और कौन सी पूर्ण हो गई है इसकी पूर्ण जानकारी आख्या उपलब्ध कराए। जिला कार्यक्रम अधिकारी को लक्ष्य के सापेक्ष कार्य न करने स्पष्टीकरण के निर्देश दिये। सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए खेतों में टेल तक पानी पहुंचने की जांच की जिम्मेदारी डीडीओ को दी। पीएम आवास योजना के अंतर्गत जीओ मैपिंग कराए जाने एवं पैसा पात्रों के खातो में ट्रांसफर किये जाने के निर्देश दिए। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।