10 फरवरी से चलेगा कृमि मुक्ति दिवस
मुजफ्फरनगर। कृमि मुक्ति दिवस पर जिले में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा। इस बार स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ मदरसों के बच्चों को भी एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाई जाएगी, ताकि बच्चों को एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। जनपद में आठ लाख से ज्यादा बच्चों को इस अभियान के तहत कृमि मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला चिकित्सालय रेडक्रॉस भवन में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में पत्रकार वार्ता में सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने बताया कि दस फरवरी को जनपद भर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान चलाया जाएगा। बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाई जाएगी, ताकि बच्चों में एनीमिया जैसी घातक बीमारी को दूर किया जा सके। खास बात यह है कि इस बार स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों के अलावा मदरसों के बच्चों को भी गोली खिलाई जाएगी। जिले में 8 लाख 83 हजार 910 बच्चों को गोलियां खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। सीएमओ ने बताया कि एक से पांच साल आयु वर्ग के बच्चों को जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों और 6 से 19 साल आयु वर्ग के बच्चों को स्कूल व कॉलेजों में एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाने की तैयारी की गई है। जिले में 2274 आंगनबाड़ी केंद्र, 2897 स्कूल (सरकारी और गैर सरकारी), 236 इंटर कालेज तथा 118 मदरसों में यह अभियान चलेगा। इस मौके पर डॉ बीके ओझा, डॉ एसके अग्रवाल, डॉ गीतांजलि वर्मा, डॉ संजय जौधा, डॉ शरण सिंह, डॉ वीके सिंह, अनुज सक्सेना, उदयवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
नौ फरवरी को होगा रक्तदान
मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में जिला अस्पताल में नौ फरवरी को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। चिकित्सकों ने कहा कि खून देने से कोई विकार पैदा नहीं होता, बल्कि हमारे शरीर में नया खून बनता है। रक्तदान करने के बाद रक्तदाता के रक्त की जांच की जाती हैं, इससे हमारे शरीर की बीमारियों का पता भी चल जाता है।