पुरानी पेंशन बहाली के लिए शिक्षकों का प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। पुरानी पेंशन बहाली, मृतक आश्रितों की भर्ती सहित 11 लंबित मांगों को लेकर शिक्षकों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
कलक्ट्रेट में सरकारी दफ्तरों की छुट्टी के बीच शिक्षकों ने धरना-प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। संघ के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बालियान ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेश के शिक्षकों द्वारा आंदोलन का बिगुल फूंक दिया गया है। शिक्षकों की लड़ाई की मांग पूरी होने तक जारी रखा जाएगा। धरने के उपरांत सीएम योगी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसमें पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने, पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों को लाभ दिलाने, मृतक आश्रितों को योग्यतानुसार नियुक्ति दिलाने, बेसिक शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, 65 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्ति, लखनऊ में संघ को कार्यालय के लिए स्थान दिलाने, जूनियर हाईस्कूल के शिक्षकों को एलटी ग्रेड वेतनमान, बेसिक शिक्षकों को विधान परिषद निर्वाचन में मत का अधिकार, शत प्रतिशत प्रोन्नत वेतनमान दिलाने की मांग की गई। धरने की अध्यक्षता कंवरपाल सिंह बालियान तथा संचालन इंदु भूषण शर्मा ने किया।
प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से योगेश कुमार, आदेश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, हरिराज सिंह, मुकेश शर्मा, अक्षय, संजय कुमार, तैमूर लंग, अजय कुमार, राजकुमार सिंह, यादवेंद्र सिंघल, अरशद अली, गोपाल सिंह, प्रदीप वर्मा, अजब सिंह, प्रदीप कुमार, ग्रिजेश शर्मा, हरेंद्र सिंह, आदेश शर्मा, कुलदीप जैन, शिप्रा सिंघल, अनुराधा वर्मा, अलका रंजन, साधना वर्मा, राजश्री, ऊषा, दीपाली, अंजू, मंजू, संध्या, राखी, ममता, केसर जमाल, जेबा तबस्सुम, रहीसुद्दीन राणा, अमीर आजम, नितिन, विपिन, शहजाद अली, साजिद कुरैशी, राजेंद्र भारसी, बालेंद्र सिंह, अनुज गोयल, सुनील शर्मा, प्रवीण ठाकुर, बलेराम आदि सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।